ड्रीम्स आकृति सोसाइटी ने पहलगाम शहीदों को श्रद्धांजलि दी

पुणे -जम्मू-कश्मीर के पहलगाम स्थित बैसारण में 22 अप्रैल को हुए भीषण आतंकी हमले में शहीद हुए 26 नागरिकों की स्मृति में ड्रीम्स आकृति सोसाइटी, हड़पसर, पुणे, महाराष्ट्र के द्वारा रविवार शाम एक कैंडल मार्च का आयोजन किया गया।

यह कार्यक्रम समाज में एकजुटता, शांति और आतंकवाद के खिलाफ विरोध के प्रतीक के रूप में आयोजित किया गया।

शाम 7:30 बजे फेडरेशन कार्यालय से शुरू हुए इस कैंडल मार्च में सोसाइटी के सैकड़ों निवासियों ने भाग लिया। हाथों में मोमबत्तियाँ और कुछ के हाथों में शांति और एकता के संदेश वाले तख्तियाँ थीं। मार्च सोसाइटी के सभी प्लॉट्स का चक्कर लगाते हुए सम्पन्न हुआ।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने मौन रखकर हमले में जान गंवाने वालों को श्रद्धांजलि दी और उनके परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की।

सोसाइटी प्रबंधन समिति ने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य केवल श्रद्धांजलि देना ही नहीं, बल्कि समाज को यह संदेश देना भी है कि हम आतंक के सामने कभी नहीं झुकेंगे। हम शांति, भाईचारे और मानवता के मूल्यों के साथ हमेशा खड़े रहेंगे।

गौरतलब है कि बैसारण, जिसे ‘मिनी स्विट्ज़रलैंड’ के नाम से भी जाना जाता है, में हाल ही में हुए इस हमले ने देशभर में शोक और आक्रोश का माहौल पैदा कर दिया है। यह 2019 के पुलवामा हमले के बाद घाटी में सबसे बड़ा आतंकी हमला माना जा रहा है।

Leave your vote

Share with your friends: